पत्थलगांव शिविर में 383 दिव्यांगजनों को मिला लाभ ,प्रमाण पत्र- यूडीआईडी, सहायक उपकरण एवं ट्रायसिकल की मिली सुविधा

जशपुरनगर 23 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में 22 अप्रैल को दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में कुल 383 दिव्यांगजनों ने भाग लेकर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने में बड़ी सुविधा मिली। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों का प्रमाणन कर 168 हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। इसके साथ ही पेंशन योजनाओं, दिव्यांग ऋण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। लगभग 98 दिव्यांगजनों ने पेंशन एवं ऋण योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू की।



       समाज कल्याण विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि जो दिव्यांगजन इस शिविर में शामिल नहीं हो सके, वे प्रत्येक मंगलवार को जिला अस्पताल जशपुर के कक्ष क्रमांक 11 में उपस्थित होकर अपना प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड बनवा सकते हैं। यह शिविर दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।

     कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में सहायक उपकरणों का भी वितरण किया गया। ग्राम बागबहार निवासी श्री रामप्रसाद भगत एवं ग्राम बुलडेगा निवासी श्री राजेन्द्र प्रसाद चौहान को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनकी दैनिक गतिविधियों में सुगमता आएगी। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें जनपद पंचायत सदस्य श्री संतोषी भारद्वाज, श्रीमती कौशल्या चौहान, श्री कमलकांत श्रीवास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पत्थलगांव, डॉ. जेम्स मिंज बीएमओ तथा श्री धर्मेन्द्र कुमार साहू, उप संचालक समाज कल्याण प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment