रायपुर: खामोशी से आवाजों की दुनिया तक, आरबीएसके टीम की पहल से बदली जीविका की जिंदगी

रायपुर: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के प्रभावी क्रियान्वयन से राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम डुंडेरा की नन्हीं जीविका के जीवन में नई उम्मीद जगी है। जन्मजात श्रवण बाधिता के कारण अब तक वह सामान्य बच्चों की तरह सुन और बोल नहीं पाती थी, लेकिन समय पर हुई पहचान, विशेषज्ञ उपचार और शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था के सहयोग से अब वह धीरे-धीरे आवाजों की दुनिया से जुड़ सकेगी।

आंगनबाड़ी में हुई पहचान, समय पर मिला उपचार

जीविका की समस्या का पता आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1, डुंडेरा में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान चला। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम-ए, डोंगरगढ़ ने बच्ची की श्रवण संबंधी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया।

एम्स रायपुर में हुआ सफल कॉक्लियर इम्प्लांट

एम्स रायपुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जीविका का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया। यह आधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया उन बच्चों के लिए बेहद प्रभावी मानी जाती है, जो जन्म से सुनने में असमर्थ होते हैं। अब नियमित स्पीच थेरेपी और पुनर्वास के माध्यम से जीविका धीरे-धीरे सुनना और सामान्य बच्चों की तरह बोलना सीख सकेगी।

हजारों बच्चों के लिए उम्मीद बना राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत बच्चों में जन्मजात विकार, पोषण संबंधी समस्याएं, विकास में देरी और अन्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका निःशुल्क उपचार कराया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर कर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे समय पर इलाज संभव हो पाता है।

एक बच्ची की बदली जिंदगी, कई परिवारों के लिए प्रेरणा

जीविका की कहानी इस बात का उदाहरण है कि यदि बीमारी की समय पर पहचान हो और सही समय पर उपचार मिल जाए, तो बच्चों का भविष्य पूरी तरह बदल सकता है। डोंगरगढ़ की आरबीएसके (चिरायु) टीम की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय ने एक मासूम बच्ची के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद जगाई है।

अब जीविका के घर में सिर्फ मुस्कान ही नहीं, बल्कि आवाजों की नई दुनिया भी दस्तक दे रही है। यह सफलता राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रभावशीलता और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशील पहल का प्रेरक उदाहरण बन गई है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment