जशपुर: जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारु संचालन को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक निर्देश दिए हैं। विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन और बच्चों एवं हितग्राहियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रिक्त पदों को जल्द भरना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।