राजस्व प्रकरणों के निराकरण में न हो देरी, तय समय-सीमा में करें शत-प्रतिशत कार्रवाई : कलेक्टर रोहित व्यास

जशपुरनगर। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों एवं विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित सभी प्रकरणों का नियमानुसार, पारदर्शिता के साथ एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि राजस्व प्रकरण सीधे तौर पर आम नागरिकों की भूमि और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारों से जुड़े होते हैं। ऐसे में इनके निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और नागरिकों को समय पर राहत एवं आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

नामांतरण से लेकर सीमांकन तक विभिन्न कार्यों की समीक्षा

बैठक के दौरान कलेक्टर ने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण और अभिलेख शुद्धता सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने व्यपवर्तन तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की भी तहसीलवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

लंबित मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और उनके निराकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण करते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों तथा पीड़ित क्षतिपूर्ति से संबंधित मामलों का भी प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री व्यास ने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग से संबंधित सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment