रायपुर : कृष्न राम महापात्र ने संभाली छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी, राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाई शपथ

उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज रहे न्यायाधिपति महापात्र बने छत्तीसगढ़ के 16वें मुख्य न्यायाधीश, लोकभवन में हुआ गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह

रायपुर। न्यायाधिपति श्री कृष्न राम महापात्र (Krushna Ram Mohapatra) ने उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ग्रहण कर ली है। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।

उल्लेखनीय है कि न्यायाधिपति श्री महापात्र इससे पूर्व उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ जज के पद पर कार्यरत थे। वह छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।

राष्ट्रपति का मूल वारंट सौंपकर दी शुभकामनाएं

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने शपथ ग्रहण के बाद मुख्य न्यायाधीश श्री कृष्न राम महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी।

राज्यपाल ने उन्हें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल और राजनीतिक जगत की रही मौजूदगी

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने पढ़ा राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट

समारोह में मुख्य न्यायाधीश श्री महापात्र की धर्मपत्नी श्रीमती अनिता महापात्र और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण भी उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव श्री विकास शील ने किया तथा उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।

प्रशासनिक और न्यायिक क्षेत्र की हस्तियां रहीं मौजूद

समारोह में अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह विभाग श्रीमती निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता श्री विवेक शर्मा, उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल श्री रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण और हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित थे।

लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित इस समारोह के साथ न्यायाधिपति श्री कृष्न राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment