सरगुजा संभाग में सड़कों का होगा बड़ा कायाकल्प, 6 जिलों में 44 परियोजनाओं को 1,093.73 करोड़ की मंजूरी

रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा संभाग के विकास और सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संभाग के सभी छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 44 मुख्य सड़क कार्यों के लिए कुल 1,093.73 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन परियोजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण, फोरलेन निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा।

सरगुजा जिले में इन सड़कों को मिलेगी मजबूती

अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र में लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किमी हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपए तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी फोरलेन के लिए 61.34 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्रों में असकला-दोरना मार्ग, सोनतराई-मैनपाट मार्ग सहित विभिन्न मार्गों और पुलियों के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी शामिल हैं। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

सूरजपुर जिले में भी कई प्रमुख सड़कें होंगी मजबूत

भटगांव विधानसभा क्षेत्र के तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर 63 किमी मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़ रुपए, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ रुपए तथा सूरजपुर के 17 किमी रिंग रोड के मजबूतीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही जिले के कई अन्य मार्गों का भी विकास किया जाएगा।

बलरामपुर-रामानुजगंज में सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर होगी पहुंच

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में परसवार से चलगली 18 किमी उन्नयन मार्ग के लिए 38.80 करोड़ रुपए, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ रुपए तथा कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों तक आवागमन और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जशपुर में 55.80 किमी राज्य मार्ग का होगा सुदृढ़ीकरण

जशपुर: जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किमी राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा पत्थलगांव के पहाड़ी भागों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ रुपए और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

सड़कें बनेंगी विकास की जीवनरेखा

इन व्यापक सड़क परियोजनाओं से केवल आवागमन सुगम नहीं होगा, बल्कि इसके दूरगामी आर्थिक और सामाजिक लाभ भी सामने आएंगे। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से कृषि और व्यापार को गति मिलेगी तथा किसानों के कृषि उत्पादों को बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बेहतर सड़क अधोसंरचना से स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों और मरीजों के लिए स्कूल, कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना सुगम होगा। इसके साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी से गांवों तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ भी तेजी से पहुंच सकेगा।

1,093.73 करोड़ रुपए की लागत वाली ये 44 परियोजनाएं सरगुजा संभाग के समग्र विकास, निवेश को बढ़ावा देने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment