बेमेतरा: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत आज ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।
जिला मुख्यालय बेमेतरा स्थित भद्रकाली माता मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ का मुख्य आयोजन किया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
5000 दीयों से जगमगाएगा भद्रकाली मंदिर परिसर
बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा भद्रकाली माता मंदिर परिसर में 5000 दीयों के भव्य दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की गई है। इसके साथ ही जिलेभर में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
जिले की सभी 336 ग्राम पंचायतों, सभी शासकीय भवनों, सभी अमृत सरोवरों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, नगरीय निकायों एवं चिन्हांकित 27 ग्राम पंचायतों के हर घर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
जिले में जलेंगे 6 लाख से अधिक दीये
सेवा संकल्प अभियान के तहत बेमेतरा जिले में कुल 6 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। इस आयोजन के माध्यम से जिलेभर में सेवा, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिलेवासियों से इस पुण्य कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। साथ ही अपने-अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया है।