जशपुर को PMGSY-IV की सौगात: 15.61 करोड़ से बनेंगे 5 बड़े पुल, कुनकुरी में बनेगा सबसे लंबा पुल

जशपुरनगर। जिले में ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के अंतर्गत पांच वृहद पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। वर्ष 2026-27 के बैच-I में स्वीकृत इन कार्यों पर कुल 15.61 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जशपुर जिले के लिए इन पुलों को मंजूरी दी है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के 6 नवंबर 2026 के पत्र के तहत प्रदेश में स्वीकृत 208 पुलों में जशपुर जिले के ये पांच पुल भी शामिल हैं।

फरसाबहार में 40 मीटर लंबा पुल

विकासखंड फरसाबहार में तेलाइन से मोहनटोली मार्ग पर नाला के ऊपर 40 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 304.28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

कुनकुरी में बनेगा जिले का सबसे बड़ा पुल

विकासखंड कुनकुरी में रानीकोम्बो से चाहतपारा मार्ग पर कपारी नाला के ऊपर 60 मीटर लंबा पुल स्वीकृत किया गया है। इस पर 416.22 लाख रुपये की लागत आएगी। विभागीय जानकारी के मुताबिक, यह जिले का सबसे बड़ा पुल होगा।

पत्थलगांव में तीन पुलों को मंजूरी

विकासखंड पत्थलगांव में तीन पुलों का निर्माण किया जाएगा। पतराटोली-पकरीपारा मार्ग पर भरारी नाला के ऊपर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 349.34 लाख रुपये, लुडेग-सुरंगपानी-बरपानी मार्ग पर नाला के ऊपर 40 मीटर लंबे पुल के लिए 272.13 लाख रुपये और खरकटा-पंडरीपारा मार्ग पर नाला के ऊपर 32.40 मीटर लंबे पुल के लिए 219.73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बारिश में आवागमन की परेशानी होगी कम

इन पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में नालों में पानी बढ़ने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में सुविधा होगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि के भीतर ही इन कार्यों को पूरा किया जाएगा। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

जशपुर जिले की सड़क, पुल और ग्रामीण विकास से जुड़ी ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। अपने क्षेत्र की बड़ी खबरों के लिए विजिट करें — samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment