दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर कथावाचक पूज्य संत चिन्मयानंद बापू से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा संबंध: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में श्रीराम कथा का आयोजन सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के राम वनगमन पथ से जुड़े स्थलों और प्रदेश की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। राजिम के कुलेश्वर महादेव मंदिर और चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर का भी संदर्भ दिया।
रामलला दर्शन योजना से 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। योजना के तहत प्रत्येक सप्ताह अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने जनवरी 2027 में रायपुर में प्रस्तावित श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
दुर्ग-भिलाई और छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ से जुड़े रहें। स्थानीय और प्रदेश की प्रमुख खबरें पढ़ें — samvadchhattisgarh.com