दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।
दुर्ग, बालोद और बेमेतरा तक रहेगा साइबर थाने का क्षेत्राधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन से साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना में पुलिस को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साइबर थाना का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों की जांच, आरोपियों की पहचान तथा पीड़ितों को सहायता देने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण और परिवार परामर्श की सुविधाओं का विस्तार
पुलिस नियंत्रण कक्ष में सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का उन्नयन किया गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपये की लागत से परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष बनाए गए हैं। इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण तथा महिलाओं और बच्चों के अनुकूल वातावरण में पारिवारिक समस्याओं के निराकरण में सहायता मिलने की उम्मीद है।
नशामुक्ति के लिए संकल्प अभियान शुरू
मुख्यमंत्री ने पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति का शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
दुर्ग-भिलाई और छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ से जुड़े रहें। स्थानीय और प्रदेश की प्रमुख खबरें पढ़ें — samvadchhattisgarh.com