जशपुर: जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय की सहभागिता बढ़ाने और ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में समुदाय के सदस्यों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं के बेहतर पोषण के लिए संतुलित आहार और पोषण संबंधी आदतों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं समुदाय के सदस्यों द्वारा पोषण प्रतिज्ञा भी ली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय की भागीदारी बढ़ाना तथा मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है।
6 अक्टूबर तक जारी रहेगा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक निरंतर किया जाएगा। इसी क्रम में ग्राम पंचायत घोघर के हाथामहुआ आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बेहतर सहभागिता एवं पोषण संबंधी पहल करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सेक्टर सुपरवाइजर मनोरमा टोप्पो द्वारा किया गया। इस दौरान शासन की महत्वकांक्षी योजनाओं के बारे में भी उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई।
न्योता भोजन में बच्चों और हितग्राहियों ने लिया गर्म भोजन
कार्यक्रम के दौरान सरपंच, उपसरपंच, बीडीसी, पंचगण एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में न्योता भोजन का आयोजन किया गया। इसमें फल, पपीता, केला, खीर और पूरी सहित भोजन की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर उपस्थित 3 से 6 वर्ष के बच्चे, 6 माह से 3 वर्ष के बच्चे, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (AWW) एवं आंगनबाड़ी सहायिका (AWH) को दोपहर का गर्म भोजन कराया गया। कार्यक्रम में त्योहार जैसा माहौल बनाकर बच्चों एवं उपस्थित हितग्राहियों के साथ भोजन कराया गया।