जशपुर, 8 जुलाई 2026। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में धान और मक्का बीज चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले राहुल कृषि केंद्र के संचालक द्वारा अपने दो कर्मचारियों पर बीज चोरी का आरोप लगाया गया था, लेकिन अब उन्हीं कर्मचारियों की शिकायत पर कृषि केंद्र संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उन्हें राहुल कृषि केंद्र बुलाया गया। वहां उन पर एक्सपायरी धान और मक्का बीज बेचने तथा चोरी करने का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर राहुल केसरी ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें निर्वस्त्र कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर फिर मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विल्सन तिर्की का मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी भी छीन ली गई। मारपीट में विल्सन की आंख और कान में चोट आई, जबकि आनंद कुजूर की उंगली में चोट लगने की बात कही गई है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर राहुल केसरी, प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 127, 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ड़), 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(vक) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।