जशपुर: विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य स्तरीय प्रतिभागियों का कलेक्टर ने किया सम्मान

जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) के राज्य स्तरीय कैंप में शामिल हुए जिले के सात प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ. वारा प्रसाद कोला भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर के विद्यार्थी विज्ञान और गणित विषय में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने रटकर पढ़ाई करने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को समझने, अवधारणात्मक स्पष्टता विकसित करने तथा शासकीय विद्यालयों की प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान भारती के प्रयासों की भी सराहना की।

विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ. वारा प्रसाद कोला ने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर जिले के 4 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा में भाग लिया था। इस वर्ष भी अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विज्ञान, सृजन और नवाचार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में सेजेस कुनकुरी के अर्पित शर्मा, सेजेस कोतबा के रोहन साहू, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ढोढीडांड की मोनिका बाई एवं सोनिका बाई, सेजेस पतराटोली की निशा कुजूर और आयुषी पन्ना सहित सात विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों का चयन वर्ष 2025 में आयोजित विद्यार्थी विज्ञान मंथन की जिला स्तरीय परीक्षाओं के आधार पर प्रदेश के टॉप-25 विद्यार्थियों में हुआ था।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, राज्य समन्वयक गौरव वर्मा, जिला समन्वयक विवेक पाठक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment