जशपुर: लगातार बारिश के बीच कृषि विभाग ने किसानों के लिए जारी की 7 सूत्रीय सलाह

जशपुर: जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों के लिए 7 सूत्रीय सलाह जारी की है। विशेषज्ञों ने कहा है कि खेतों में पानी 6 से 8 घंटे से अधिक न रुके, इसके लिए तुरंत जल निकासी की व्यवस्था करें। जलभराव से जड़ सड़न और फफूंदजनित रोग बढ़ने की आशंका रहती है, ऐसे में आवश्यकता अनुसार अनुशंसित फफूंदनाशकों का उपयोग करें।

विशेषज्ञों ने पौधों को बांस या रस्सी का सहारा देने, सूखी घास, पुआल या प्लास्टिक से मल्चिंग करने, रोगग्रस्त पत्तियों को हटाने तथा लंबे सूखे के बाद अचानक अधिक सिंचाई से बचने की सलाह दी है। साथ ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर ही कीटनाशक एवं फफूंदनाशक दवाओं का उपयोग करने को कहा गया है।

कृषि विभाग ने किसानों से खरीफ एवं रबी की विभिन्न उद्यानिकी फसलों का फसल बीमा कराने की भी अपील की है, ताकि बेमौसम बारिश या प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए दावा किया जा सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बादल छाए रहने और पर्याप्त धूप नहीं मिलने से फसलों में रोग फैलने की संभावना बढ़ जाती है। समय पर उचित प्रबंधन अपनाकर किसान आर्थिक नुकसान से बच सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment