जशपुर: परिवहन मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जशपुर जिले में वाहन प्रदूषण जांच (पीयूसी) सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। परिवहन आयुक्त ने जिले में कुल 10 प्रदूषण जांच केंद्र संचालित करने की स्वीकृति दी है। वर्तमान में जिले में केवल 4 पीयूसी केंद्र संचालित हैं, जिससे अब 6 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पेट्रोल पंप संचालकों, वाहन विक्रेताओं, परिवहन सुविधा केंद्रों तथा इच्छुक व्यक्तियों को प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। परिवहन मुख्यालय के निर्देशानुसार पेट्रोल पंपों पर स्थापित होने वाले पीयूसी केंद्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इच्छुक आवेदक आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए कार्यालयीन दिवस एवं समय में जिला परिवहन अधिकारी, जशपुर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।