कलेक्टर रोहित व्यास ने सेवा संकल्प अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश, 1 अक्टूबर से जनसमस्या निवारण शिविर

जशपुर: कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान और ‘सेवा मेरा योगदान उत्सव’ का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निर्धारित तिथि के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित करना अनिवार्य है।

1 से 7 अक्टूबर तक जिला और विकासखंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर

कलेक्टर ने बताया कि आगामी 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक जिला स्तरीय और विकासखंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए ऐसे गांवों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पहले कभी शिविर आयोजित नहीं हुआ है, ताकि आसपास के गांवों के लोगों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। एक ब्लॉक में एक दिन में एक ही शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में हितग्राहियों को 26 प्रकार की योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, परिवहन, राजस्व, कृषि, पशुपालन सहित अन्य विभागों को शिविर में सामग्री वितरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जनपद पंचायत सीईओ को शिविर से पहले ग्राम पंचायतों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिविर की जानकारी मिल सके। किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, शिक्षा विभाग को अपार आईडी, परिवहन विभाग को लाइसेंस शिविर और खाद्य विभाग को राशन कार्ड शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता, योग और दान गतिविधियों के लिए लोगों को करें प्रोत्साहित

कलेक्टर ने समाज कल्याण और आयुष विभाग को योग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान के तहत धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी शामिल करने को कहा। उन्होंने लोगों को देहदान, अंगदान, रक्तदान, वस्त्रदान और पुस्तकदान के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

गांवों में 23 से 25 सितंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं वन विभाग को 25 हजार पौधरोपण की जिम्मेदारी दी गई है।

1 अक्टूबर को सियान गुड़ी और सभी जनपद पंचायतों में होगा सियान ऑयडल कार्यक्रम

कलेक्टर ने 1 अक्टूबर को सियान गुड़ी और सभी जनपद पंचायतों में सियान ऑयडल कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए गायन, वादन, कविता और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

लंबित आवेदनों की भी हुई समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की।

बैठक में सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment