जशपुरनगर, 24 अक्टूबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर को खेलों का गढ़ बनाने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर जिला प्रशासन स्वीकृत खेल मैदानों, अकादमियों और स्टेडियमों के निर्माण को गति दे रहा है। साथ ही राज्य स्तरीय खेल आयोजनों की तैयारी भी तेजी से चल रही है, ताकि खिलाड़ियों को बड़े मंच मिल सकें। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री व्यास ने गुरूवार को इन्डोर बैडमिंटन स्टेडियम, तरण ताल, जिला चिकित्सालय के समीप इण्डोर स्टेडियम, ताइक्वाडों स्टेडियम और निर्माणाधीन बास्केटबाल स्टेडियम का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरूवार को इन्डोर बैडमिंटन स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में बेहतर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सीपेज समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने दीवारों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले साइना नेहवाल, पी.वी. सिंधु, प्रकाश पादुकोण जैसे खिलाड़ियों की थ्रीडी पेंटिंग लगाने को कहा, ताकि युवा खिलाड़ी प्रेरित हो सकें। कलेक्टर ने रणजीता स्टेडियम के पास स्थित तरण ताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को तैराकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु कोर्स डिजाइन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलग-अलग आयु वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए अलग ग्रुप बनाकर प्रशिक्षण देने और महिला प्रशिक्षक की व्यवस्था करने को कहा।
इसके अलावा कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के समीप इनडोर स्टेडियम में निर्माणाधीन वाल क्लाइम्बिंग प्रशिक्षण सेंटर का निरीक्षण कर इसे गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। इस सेंटर में पर्वतारोहण के इच्छुक युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर ने इनडोर ताइक्वांडो स्टेडियम में प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और लाइटिंग, साफ सफाई व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हॉकी स्टेडियम के पास निर्माणाधीन बास्केट बाल कोर्ट का निरीक्षण किया और आज की नवीनतम मानकों को ध्यान में रखकर गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे




















