जशपुर, 16 फरवरी 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारुडीह-किनकेल क्षेत्र में स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित वाहनों को चिन्हित कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व सारुडीह के पठार क्षेत्र में काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार युवक-युवतियों द्वारा खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वाहन की खिड़की से शरीर बाहर निकालकर बोतल लहराते हुए स्टंट किए जा रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक JH-01-FC-1960 तथा बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक JH-01-BN-4563 को बरामद किया गया। स्कॉर्पियो चालक की पहचान ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का (25 वर्ष) के रूप में हुई है। एक अन्य बुलेट वाहन बाधरकोना क्षेत्र के निवासी के नाम पर पंजीकृत पाया गया। स्टंट से जुड़े एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने संबंधित वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 एवं 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया है। साथ ही स्टंट में शामिल युवक-युवतियों के परिजनों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब के नशे में वाहन न चलाएं तथा स्टंटबाजी जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




















