जशपुर। विकासखंड बगीचा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गम्हारकोना की व्यवस्थाओं को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद जिला शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर ने बताया कि विद्यालय का मूल भवन जर्जर हो चुका है, जिसके कारण सुरक्षा की दृष्टि से उसे बंद कर दिया गया है। वर्तमान में बच्चों की पढ़ाई विद्यालय के अतिरिक्त भवन में नियमित रूप से संचालित की जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला गम्हारकोना, संकुल केंद्र मुढ़ी में कुल 30 छात्र-छात्राएं दर्ज हैं और विद्यालय में दो शिक्षक पदस्थ हैं। जर्जर हो चुके मूल भवन को डिस्मेंटल करने के लिए प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है तथा किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए भवन में ताला लगा दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि लगातार और अत्यधिक बारिश के कारण अतिरिक्त भवन की छत से पानी टपकने की स्थिति उत्पन्न हुई थी। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और अध्यापन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए कक्षा के अंदर और छत के ऊपर तिरपाल लगाकर आवश्यक व्यवस्था की गई है।
विभाग के मुताबिक विद्यालय के आसपास कोई वैकल्पिक शासकीय अथवा निजी भवन उपलब्ध नहीं है। निकटतम पंचायत भवन भी संस्था से करीब 2.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिसके कारण वहां कक्षाओं का संचालन करना व्यावहारिक नहीं है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अत्यधिक बारिश और भवन संबंधी परिस्थितियों के बावजूद शासकीय प्राथमिक शाला गम्हारकोना में बच्चों का अध्यापन कार्य नियमित रूप से जारी है। विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।