खाना निकालकर खाने की बात पर हुआ था विवाद, मां को बचाने आई बहन पर भी किया हमला; पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा किया जब्त
जशपुरनगर | 10 नवंबर 2026 | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में एक 22 वर्षीय युवक ने शराब के नशे में अपनी ही मां पर अधजली लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल जशपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी की पहचान रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष), निवासी गढ़ाटोली, जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।
आधी रात खाना मांगने पर हुआ विवाद
जशपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। उस समय आरोपी का पिता सुरेन्द्र मिंज डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और अन्य बच्चे मौजूद थे।
बताया गया है कि रोशन शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से खाना मांगा। मां ने उसे दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए खुद निकालकर खाने के लिए कहा। इसी बात पर आरोपी नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद उसने घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मां को बचाने आई बहन पर भी किया हमला
घटना के दौरान आरोपी की बहन भी घर में सोई हुई थी। मां के साथ मारपीट होते देखकर वह बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उसके ऊपर भी डंडे से दो-चार वार कर दिए।
इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और उसे खाना नहीं बचाने की बात को लेकर धमकाया। घटना के बाद वह मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत
घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया।
8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतिका के पति सुरेन्द्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। वह अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी पत्नी उपचाररत थी। पत्नी ने उन्हें बताया कि रोशन ने शराब के नशे में खाना मांगने की बात पर उनके साथ मारपीट की थी।
इसी दौरान पति अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए। वापस अस्पताल पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।
बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है आरोपी
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बी.कॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई करता है और मनोरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 2-3 नवंबर को अपने घर गढ़ाटोली आया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि 7 नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा था। खाना नहीं मिलने की बात पर विवाद होने के बाद उसने अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर हमला किया था।
आरोपी की निशानदेही पर डंडा जब्त, भेजा गया जेल
पति सुरेन्द्र मिंज की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 194 बीएनएसएस और अपराध क्रमांक 369/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा जब्त किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभ नाथ सिंह तथा नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कही सख्त कार्रवाई की बात
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
स्रोत: जशपुर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 09 नवंबर 2026।