जशपुर: मतलोंगा-अलोरी मार्ग पर ईब नदी का पुल 65% पूरा, मार्च 2027 तक निर्माण की संभावना

जशपुर — मतलोंगा-अलोरी मार्ग पर ईब नदी में निर्माणाधीन पुल को लेकर लोक निर्माण विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार पुल का करीब 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को गति देते हुए 31 मार्च 2027 तक पुल निर्माण पूरा होने की संभावना है।

4.03 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

अलोरी से मतलोंगा मार्ग पर ईब नदी में पुल निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग द्वारा 402.81 लाख रुपये यानी करीब 4.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी।

निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंबिकापुर संभागीय कार्यालय द्वारा ठेकेदार सुनील जायसवाल को 5 अगस्त 2025 को कार्यादेश जारी किया गया था।

तय समय में पूरा नहीं हो सका निर्माण

विभाग के मुताबिक पुल निर्माण की निर्धारित पूर्णता तिथि 3 जुलाई 2026 थी। हालांकि कार्यादेश वर्षा ऋतु के दौरान जारी होने और ईब नदी में जलस्तर अधिक रहने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।

इसके अलावा अप्रैल-मई 2026 में डीजल की अनुपलब्धता को भी निर्माण कार्य की गति प्रभावित होने का कारण बताया गया है।

5 में से 4 पियर का काम पूरा

लोक निर्माण विभाग के अनुसार वर्तमान में पुल निर्माण का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पुल के दोनों एबटमेंट का निर्माण पूरा हो गया है।

वहीं 5 में से 4 पियर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि एक पियर की नींव का काम अभी प्रगति पर है। इसी तरह पुल के 6 में से 2 स्लैब का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

पुल के साथ-साथ पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य भी जारी है।

ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में राहत

ईब नदी पर पुल का निर्माण पूरा होने के बाद मतलोंगा और अलोरी क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में नदी पार करने में होने वाली परेशानी से भी लोगों को राहत मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुल निर्माण कार्य बंद नहीं है, बल्कि निर्माण लगातार जारी है और शेष कार्य को पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने 31 मार्च 2027 तक पुल का निर्माण पूरा होने की संभावना जताई है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment