जशपुर, 25 फरवरी 2026। जिले में धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश से धान को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए सभी खरीदी केंद्रों पर त्रिपाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खाद्य एवं विपणन विभाग को तत्काल धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन और मुख्यमंत्री घोषणाओं के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से और समयबद्ध निराकरण किया जाए।
जल संरक्षण पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने बताया कि भारत सरकार के जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। “कैच द रेन” थीम पर आधारित इस अभियान में वर्षा जल संचयन को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने जिले के सभी शासकीय भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करना अनिवार्य बताया। साथ ही सभी कार्यों की ऑनलाइन जियो-टैगिंग कर फोटो सहित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
सोखता गड्ढा निर्माण होगा अनिवार्य
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जहां भी पानी की निकासी होती है, वहां सोखता गड्ढा बनाकर जल संचयन सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश शासकीय के साथ-साथ निजी भवनों पर भी लागू होगा। नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत नालों का जीर्णोद्धार, बोरवेल रिचार्ज, नाला बंधान, चेकडैम निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, स्कूल, आश्रम, छात्रावास, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों में सोखता गड्ढा निर्माण जैसे कार्य शामिल किए जाएंगे। इस अभियान के लिए जल संसाधन विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने जल संरक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और सभी विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




















