जशपुर: नशे में बेटे ने लकड़ी की फाड़ी से पिता की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में मामूली विवाद के दौरान शराब के नशे में एक बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी की फाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को अजय कुमार नाग ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती के काम से परिवार के साथ खेत गया था। घर में उसके माता-पिता और बड़ा भाई पूना राम नाग (35) मौजूद थे। शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि उसके बड़े भाई ने पिता बंधु नाग (52) की लकड़ी की फाड़ी से हमला कर हत्या कर दी है।

सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (हत्या) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीकर घर आया था। पिता द्वारा काम-धंधा नहीं करने की बात कहने पर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने आंगन में पड़ी लकड़ी की फाड़ी से पिता के सिर और कनपटी पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, पीएसआई संतोष वर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment