जशपुर: जशपुर जिले के अजाक थाना में ग्राम टुकूपखना, थाना पत्थलगांव निवासी संजय बड़ा की लिखित शिकायत पर 17 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया है। शिकायत में खेत में जबरन प्रवेश, मारपीट, फसल को नुकसान पहुंचाने, छेड़छाड़, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता का परिवार अपनी पैतृक भूमि पर धान की खेती करता है। आरोप है कि 17 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे आरोपी कुदाल, लाठी एवं अन्य हथियारों के साथ खेत में पहुंचे और कथित रूप से जातिसूचक गालियां देते हुए परिवार को खेत से बाहर खदेड़ दिया। आरोपियों द्वारा दो ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी धान की फसल रौंदकर नष्ट करने और भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर शिकायतकर्ता की माता के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची बहन के साथ कथित छेड़छाड़, अश्लील हरकत, बलात्कार की धमकी तथा जबरन घसीटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेन्द्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव एवं गरीब साय (सरपंच) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जशपुर पुलिस ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।