जशपुर: सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत टुकू टोली (कोदोपारा) में रविवार सुबह करीब 10 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस संबंध में कोदोपारा सरपंच पति तथा भादू सरपंच पति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भादू ग्राम पंचायत का ट्रैक्टर खेत की जुताई के लिए जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर में सवार भर्तूराम पिता तीजन, निवासी टुकू टोली (कोदोपारा) तथा उदय कुमार (33 वर्ष), निवासी भादू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का अनियंत्रित होकर पलटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद टुकू टोली (कोदोपारा) और भादू गांव में शोक की लहर है , परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।