राज्योत्सव प्रदर्शनी में जनसम्पर्क विभाग के स्टॉल को मिल रहा जनसमर्थन, हजारों लोगों ने किया अवलोकन

जशपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में जनसम्पर्क विभाग जिला जशपुर द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाया गया है। स्टॉल में छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी फोटो, बैनर एवं पुस्तिकाओं के माध्यम से प्रदर्शित की जा रही है। स्टॉल का अवलोकन करने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि पहुंच रहे हैं।

स्टॉल का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों ने कहा कि यहां शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से मिल रही है। प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए उपयोगी एवं जानकारीपूर्ण साबित हो रही है। इस अवसर पर विभाग द्वारा प्रकाशित जनमन पुस्तिका का भी वितरण किया गया।

स्टॉल का अवलोकन करने वालों में रतिया निवासी मिलर केरकेट्टा, जेम्स लकड़ा, करडीह निवासी शारदा देवी, संकल्प कुनकुरी की छात्रा सैफीना बेक, सीमा गुप्ता, मनोरा के आनंद साय पैकरा, दुलदुला के राजकेश्वर राम तथा जशपुर के अशोक कुमार साय, अमिता बरवा, शकुंतला चौहान और अनुराधा भगत सहित हजारों नागरिक शामिल रहे।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रमुख योजनाएं एवं उपलब्धियां

धार्मिक एवं सामाजिक पहल

प्रभु श्री रामलला दर्शन योजना के तहत जशपुर जिले से 16वें चरण में 194 श्रद्धालुओं को अयोध्या रवाना किया गया। अब तक जिले के 3062 से अधिक श्रद्धालु इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत योग एवं ध्यान सत्र आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने नशामुक्ति की शपथ ली।

शिक्षा एवं विज्ञान

जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है, जहां एमबीबीएस में 50 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन का निर्माण 359 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बगिया से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज में इसी सत्र से 50 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

आवास एवं अधोसंरचना

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 97 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। जिले में 1 लाख 12 हजार आवास स्वीकृत हैं, जबकि पीएम जनमन योजना के तहत 1616 जनजातीय परिवार लाभान्वित हुए हैं।

भारतमाला परियोजना के तहत 3147 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन फोरलेन सड़क से जशपुर से रायपुर तक आवागमन सुगम होगा।

खेल एवं परिवहन

जिले में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए सुविधाजनक साबित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत जिले में 16 बसों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में आवागमन आसान हुआ है।

रोजगार एवं आत्मनिर्भरता

जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम-जुगा के तहत बगीचा-मयाली-जशपुर क्षेत्र के 6 गांवों में 30 क्लस्टर होमस्टे स्वीकृत किए गए हैं।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बैंक सखी संज्योति चौहान आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी हैं, जो प्रतिमाह 8 से 9 लाख रुपये का लेन-देन करती हैं। पंडररीपानी में नई एसबीआई शाखा शुरू होने से ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा मिली है।

खाद्य सुरक्षा एवं टसर उत्पादन

जिले में 2 लाख 69 हजार राशनकार्ड हितग्राहियों को 501 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, टसर उत्पादन में जशपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, जिसमें 1939 किसान जुड़े हुए हैं।

राज्योत्सव प्रदर्शनी के माध्यम से जनसम्पर्क विभाग शासन की योजनाओं, जनहितकारी पहल और विकास कार्यों को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment