रायगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोसमनारा में 50 लाख के सामुदायिक भवन विस्तार की घोषणा की, किसानों को होली से पहले अंतर राशि देने का ऐलान

रायगढ़, 15 फरवरी 2026।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज की एकजुटता और जागरूकता को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित रहता है, तब सामाजिक और आर्थिक प्रगति को स्थायी आधार मिलता है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त दी जाएगी। लगभग ₹10 हजार करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके परिश्रम का सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आकाश के नीचे निरंतर तपस्या में लीन हैं। तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अद्वितीय एवं प्रेरणादायक है। यह धाम आज सामाजिक समरसता और आस्था का प्रतीक बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि बाबा के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद रहने और आज मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ एवं बाबा सत्यनारायण से प्रदेश पर निरंतर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण हेतु ₹50 लाख की घोषणा की। साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को अयोध्या सहित देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।

समारोह में समाज सेवा और जनकल्याण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू एवं वेदराम साहू को सम्मानित किया गया। कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका और बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज की एकजुटता विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक संदीप साहू, विधायक बालेश्वर साहू, महापौर जीवर्धन चौहान, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कोसमनारा धाम में आयोजित यह समारोह आस्था, सामाजिक एकता और विकास के संकल्प का संगम बनकर सामने आया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment