रायगढ़। Raigarh Police द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में छाल पुलिस ने ग्राम कांसाबहार में रेड कार्रवाई कर 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कांसाबहार निवासी दिलीप चावले अपने घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में उप निरीक्षक मदन पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी दिलीप चावले अपने घर के आंगन में अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में भरी 15 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब तथा दूसरी 5 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में भरी 5 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। कुल 20 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
मामले में थाना छाल में आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मदन पाटले, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, लालजीत राठिया एवं महिला आरक्षक रंजिता चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी Shashi Mohan Singh ने कहा कि अवैध शराब कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।