जशपुर, 26 फरवरी 2026। जिले में पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को जिला जल स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रोहित व्यास ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रगतिरत योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि “हर घर जल” योजना की प्रगति वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत तक ही पहुंची है, जिसे शीघ्र बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर व्यास ने स्पष्ट किया कि जिन ग्रामों में अब तक जल प्रदाय प्रारंभ नहीं हो सका है, वहां आवश्यक जल स्त्रोतों का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि ग्रामीणों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में जल प्रदाय प्रारंभ हो चुका है, उन्हीं में नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। अपूर्ण योजनाओं में बिना कार्य पूर्ण किए भुगतान न करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर “हर घर जल” अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया।




















