जशपुर: पमशाला–सराईटोला 11.50 किमी सड़क निर्माण हेतु द्वितीय निविदा आमंत्रित, 3 मार्च को खुलेगी

जशपुर, 13 फरवरी 2026। पमशाला से सराईटोला पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर उठे सवालों के बीच लोक निर्माण विभाग संभाग पत्थलगांव ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में अनुबंध नहीं होने के कारण अब द्वितीय निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा 03 मार्च 2026 को खोली जाएगी, जिसके पश्चात अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11.50 किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग के लिए 08 सितंबर 2025 को 2396.94 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई थी। इसके अनुरूप 24 सितंबर 2025 को 2322.58 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति जारी कर निविदा आमंत्रित की गई थी।

निविदा प्रक्रिया में मेसर्स कैपकॉन प्रोजेक्ट्स प्रा. लि., जशपुर द्वारा निर्धारित दर से 20.1111 प्रतिशत कम एसओआर पर निविदा प्रस्तुत की गई, जिसे स्वीकृत करते हुए 01 जनवरी 2026 को स्वीकृति पत्र जारी किया गया था। निविदाकार को 15 दिनों के भीतर असंतुलित राशि जमा कर अनुबंध निष्पादित करने के निर्देश दिए गए थे।

हालांकि, निर्धारित अवधि में अनुबंध संपादित नहीं किए जाने पर एनआईटी की कंडिका 8.1.1 के तहत अमानत राशि शासन के पक्ष में राजसात कर ली गई। इसके बाद विभाग ने पुनः द्वितीय निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नई निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही मार्ग निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment