जशपुरनगर, 07 अगस्त 2025/ जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में विगत दिवस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव में सिकल सेल रोगियों के लिए विशेष सिकल सेल ओपीडी एवं पीयर सपोर्ट मीटिंग का आयोजन किया गया। संगवारी टीम की इस पहल में संगवारी से बीएमओ डॉ जे. मिंज, मेडिकल ऑफिसर डॉ आनंद देवेश सिंह, बिक्रम प्रमाणिक, रीतू मंडल, समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सिकल सेल से पीड़ित 24 मरीजों एवं परिजनों सहित मौजूद लगभग 45 लोगों ने आपस में संवाद स्थापित कर अपने अनुभव साझा किए।
मीटिंग में सिकल सेल रोग के कारण एवं रोकथाम पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बीमारी के पहले और वर्तमान स्थिति में आए परिवर्तनों, रोगियों को बरती जाने वाली सावधानियों, जीवनशैली में आवश्यक बदलावों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। कार्यक्रम में अपनी समस्याओं और उनके समाधान के अनुभवों को भी साझा किया गया। इसके अलावा दवाइयों का नियमित सेवन और समय पर खून की जांच, हर मौसम में सिकल सेल रोगियों को किस तरह से अपना ध्यान रखना सीबीसी जांच की आवश्यकता और सिकल सेल बीमारी से होने वाली समस्या जैसे एवीएन पर विशेष चर्चा हुई। कार्यक्रम में सिकल सेल को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और सामाजिक व्यवहार पर भी खुलकर संवाद किया गया। दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनने की प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों, रोगियों की व्यक्तिगत स्वच्छता एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियाँ भी साझा की गईं।
कार्यक्रम में एक सिकल सेल मरीज ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 11 वर्ष की उम्र में बीमारी का पता चलने के बाद उन्हें बार-बार खून चढ़वाना पड़ता था और अस्पताल में भर्ती होना पड़ता था। उन्होंने आसपास के लोगों मे हो रहे व्यवहार के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि संगवारी टीम से जुड़ने और नियमित दवा सेवन शुरू करने के बाद उनकी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब उन्हें खून चढ़वाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, वह पढ़ाई भी कर रही हैं और हाल ही में उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बन चुका है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित रोगियों और परिजनों के सवालों का विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। संगवारी टीम की इस पहल से सिकल सेल रोगियों में जागरूकता बढ़ी है और उन्हें इस बीमारी से बेहतर तरीके से लड़ने के लिए आत्मविश्वास भी मिला है।




















