बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से एक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बात कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार तथा संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
दोनों खिलाड़ी वर्तमान में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक श्री अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके चयन को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के विकास और खेलो इंडिया पहल की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जशपुर की मधु सिदार ने तय किया भारतीय टीम तक का सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। उनके माता-पिता कृषि कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मधु ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई।
मधु सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी टीम ने आंध्रप्रदेश में 1 से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में चौथा स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा वह मार्च-अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी खेल चुकी हैं। वर्तमान में वह अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच श्री शिवा चौहान से प्राप्त किया। गीता का अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 12 से 21 नवंबर 2024 तक नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।
इसके बाद वह 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना दौरे तथा 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। लगातार अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने के बाद अब गीता जूनियर एशिया कप में भी भारत के लिए मैदान में उतरेंगी।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। दोनों खिलाड़ियों से प्रदेशवासियों को एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है, जिससे वे भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।