रायगढ़, Shashi Mohan Singh (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों एवं वारंटियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना तमनार पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी बाबूलाल राठिया उर्फ परसनाथ (50 वर्ष) निवासी ग्राम आमगांव, थाना तमनार को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गोवर्धन सेठ निवासी आमगांव ने दिनांक 24 फरवरी 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 फरवरी 2026 की शाम वह अपने बाड़ी से काम कर घर लौट रहा था। इस दौरान गांव में भीम सिंह चौहान के घर के पास आरोपी बाबूलाल राठिया, भीम सिंह को गाली-गलौज कर रहा था। जब प्रार्थी ने बीच-बचाव कर उसे समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने प्रार्थी को भी गाली-गलौज करते हुए अपने घर से लोहे की टांगी लाकर “जान से मार दूंगा” कहते हुए उसकी पीठ और पसली पर दो बार हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चोट गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
एसएसपी रायगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर सूचना पर आरोपी बाबूलाल राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया एवं आरक्षक डोल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एसएसपी का सख्त संदेश:
फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
—




















