जशपुर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जशपुर जिले में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ किया गया। अभियान के प्रथम चरण ‘समरसता दीप महोत्सव’ के अंतर्गत जिलेभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक सद्भाव, समानता और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।
अभियान के तहत जशपुर नगर स्थित बालाजी मंदिर में जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं लोरो स्थित शिव मंदिर में पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने दीप जलाकर संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों और गांवों के मंदिरों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समानता, आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य संत गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का संदेश देना तथा समाज में समानता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव से मुक्त, समरस और सशक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही संत गुरु रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित ममता कश्यप, पिंकी गुप्ता, कमला निराला, उमा देवी, शारदा प्रधान, नीतू गुप्ता, राजकुमार सिंह, देवधन नायक, रूपेश सोनी, गोविंद भगत, मुकेश सोनी, शरद चौरसिया, दीपक गुप्ता, द्वारिका मिश्रा, अनिता पैकरा, सतीश गोस्वामी, नागेंद्र भगत, रागिनी भगत, रमाशंकर गुप्ता सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।