जशपुर: जिले में नशा मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) की समीक्षा बैठक में उन्होंने समाज कल्याण विभाग को अभियान के तहत स्कूलों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मिडिल स्कूल से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूल तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी मिल सके।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाए, जिससे उनमें नशे से दूर रहने की सकारात्मक सोच विकसित हो और वे समाज में भी जागरूकता फैलाने की भूमिका निभा सकें।
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।