बस्तर के विकास पर CM विष्णु देव साय का बड़ा संदेश—“जनता जैसा चाहेगी, वैसा ही होगा विकास”

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर के विकास की दिशा वहां की जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप ही तय होगी। बस्तर की जनता को किसी प्रकार के भ्रम में रहने की आवश्यकता नहीं है। सरकार क्षेत्र की स्थानीय संभावनाओं के अनुरूप कृषि, पर्यटन, पशुपालन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में बस्तर के विकास, नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी।

“बस्तर का भविष्य जनता की इच्छा के अनुरूप तय होगा”

बस्तर के विकास से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई निर्णायक मुकाम पर पहुंचने के साथ क्षेत्र में शांति और विकास का नया वातावरण बना है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के पीछे सरकार का उद्देश्य बड़े उद्योगों के लिए रास्ता तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने इसे स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। बस्तर का भविष्य वहां की जनता की इच्छा और आकांक्षाओं के अनुरूप ही तय होगा।

भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहे बस्तर की जनता

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में कभी साथ नहीं खड़े हुए अथवा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से उसका समर्थन करते रहे, वे अब नए नैरेटिव के जरिए लोगों में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जागरूक है और ऐसे भ्रामक प्रयासों को भली-भांति समझती है। सरकार का उद्देश्य बस्तर की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संभावनाओं को आगे बढ़ाकर वहां के लोगों के जीवन में समृद्धि लाना है।

कृषि, पशुपालन और पर्यटन से खुलेंगे विकास के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में कृषि को सशक्त करने, पशुपालन को बढ़ावा देने और पर्यटन की संभावनाओं को अवसरों में बदलने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

शांति स्थापित होने के बाद अब दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंच रहा है। स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बस्तर अपनी विशिष्ट पहचान और समृद्ध संस्कृति को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

बहनों का ‘भैया’ कहना मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य : विष्णु देव साय

प्रदेश की बहनों द्वारा उन्हें ‘विष्णु भैया’ कहकर पुकारे जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बहनें उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानती हैं। उन्होंने कहा कि बहनों से मिलने वाला स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है और यही उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भाई के नाते प्रदेश की बहनों की सेवा, सुरक्षा और उनके जीवन में खुशहाली लाना उनका संकल्प है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए निरंतर काम कर रही है।

जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार की प्रत्येक नीति और निर्णय के केंद्र में छत्तीसगढ़ की जनता का हित है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास से लेकर माताओं-बहनों के सशक्तीकरण तक सरकार का संकल्प स्पष्ट है—ऐसा विकास हो, जिसमें जनता की भागीदारी हो, स्थानीय आकांक्षाओं का सम्मान हो और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment