जशपुर/ बगीचा: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में जशपुर जिले के बगीचा नगर पंचायत में बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण कार्य अब धरातल पर शुरू हो गया है। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस गौरव पथ के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क के दोनों ओर मार्किंग का कार्य प्रारंभ किया गया।
प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में शुरू हुई मार्किंग
गौरव पथ निर्माण की प्रक्रिया के तहत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बगीचा समीर बड़ा, नगर पंचायत सीएमओ क्षितिज कुमार सिंह एवं एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क के दोनों ओर निर्धारित क्षेत्र की मार्किंग का कार्य शुरू कराया गया।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने भी प्रशासन का सहयोग किया। मार्किंग की प्रक्रिया को लेकर नगरवासियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बिना विवाद के पूरी हुई मार्किंग प्रक्रिया
मार्किंग के दौरान किसी प्रकार की विवाद की स्थिति निर्मित नहीं हुई। प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी समन्वय से सड़क के दोनों ओर निर्धारित क्षेत्र की मार्किंग का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया गया।
स्थानीय स्तर पर प्रशासन को मिले सहयोग से गौरव पथ निर्माण की आगामी प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बगीचा की सड़क व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई दिशा
करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला गौरव पथ बगीचा नगर के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य माना जा रहा है। इसके निर्माण से नगर की सड़क व्यवस्था, यातायात सुविधा और शहरी सौंदर्यीकरण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
बहुप्रतीक्षित गौरव पथ का काम शुरू होने से नगरवासियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार में बगीचा सहित जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी समन्वय से शुरू हुआ यह कार्य बगीचा नगर के विकास की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।