रायपुर: विकास कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री साय

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में जनसुविधा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्य की गति धीमी होने पर बाधाओं को तत्काल दूर कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

खामभाठा के पुल निर्माण में देरी पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री श्री साय ने गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया।

उन्होंने गरियाबंद कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर पुल निर्माण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निश्चित समयसीमा तय कर पुल का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने को कहा।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों को किसी भी परिस्थिति में जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन को तत्काल सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम तत्काल करने को कहा। खुले एवं खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों को दुरुस्त करने और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सभी कलेक्टरों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। निर्माण में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित करना जरूरी है। विकास कार्यों में देरी का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है, इसलिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment