जशपुर: दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है, बरामद कर जप्त की है।
16 जुलाई को मेले में हुई थी चेन चोरी
प्रार्थिया सरमा देवी, निवासी सन्ना रोड जशपुर ने 16 जुलाई 2026 को थाना दुलदुला में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला देखने गई थीं।
प्रार्थिया ने अपने गले में करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन पहन रखी थी। मेले में अत्यधिक भीड़ के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से चेन चोरी कर ली गई थी।
रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में अप. क्रमांक 46/26 एवं बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच एवं विवेचना शुरू की गई थी।
ड्रोन कैमरे के फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के दिशा-निर्देशन में आरोपियों की पतासाजी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी जशपुर निमितेष सिंह के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस ने विवेचना के दौरान पाया कि घटना के दिन मेला स्थल पर ड्रोन कैमरे से वीडियो एवं फोटो शूट किए जा रहे थे।
पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना दिनांक को शूट किए गए वीडियो फुटेज प्राप्त किए। इसके बाद पुलिस ने फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से सटकर खड़ी महिलाओं की पहचान एवं पतासाजी शुरू की।
संदिग्ध महिलाओं के फोटो प्राप्त कर उन्हें विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया गया और लगातार उनकी पहचान की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध महिलाएं हिरासत में
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि वीडियो फुटेज में प्रार्थिया के आसपास खड़ी संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई एवं अनिता बाई, ग्राम पत्ताकेला, बगीचा की रहने वाली हैं।
पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में चोरी स्वीकार, चेन बरामद
पुलिस द्वारा दोनों संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने एक अन्य महिला साथी के साथ भीड़ का फायदा उठाकर प्रार्थिया के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से प्रार्थिया की चोरी गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है, बरामद कर विधिवत जप्त की गई।
अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर सोनिया बाई, उम्र 30 वर्ष एवं अनिता बाई, उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एक अन्य महिला आरोपी की तलाश जारी
प्रकरण में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील सिंह, थाना प्रभारी दुलदुला, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो सहित थाना दुलदुला के अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी महिलाएं
- सोनिया बाई, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर।
- अनिता बाई, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर।