जशपुर: जिले के तुबा जंगल में मवेशी चराने के बहाने वन संपदा के अवैध दोहन और पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए 6 पेड़ों के ठूंठ मिलने के बाद POR प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण में मिले 6 पेड़ों के ठूंठ
वन परिक्षेत्र अधिकारी, तपकरा द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके पर 6 नग पेड़ों के ठूंठ पाए गए। पूछताछ के आधार पर अवैध कटाई में संलिप्त व्यक्ति की पहचान की गई और उसके विरुद्ध POR प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
विभाग के अनुसार, यह घटना कंडईबहार परिसर की है, जो फरसाबहार सर्किल के अंतर्गत आता है।
निगरानी और नियमित गश्त के निर्देश
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिक्षेत्र सहायक और परिसर रक्षक को कड़ी निगरानी रखने तथा नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को घटना के संबंध में स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है।
ग्रामीणों को वन संरक्षण के प्रति किया जाएगा जागरूक
वन विभाग ने वन प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को वन संरक्षण और अवैध कटाई रोकने के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग का उद्देश्य ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।