रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आज, 31 अक्टूबर से शुरू हो रही है। परीक्षा 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर के 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। परीक्षा के लिए प्रदेश में 24 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, पाली और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रवेश पत्र में दी गई है।
24 परीक्षा केंद्रों पर होगा आयोजन
भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर में 6, बिलासपुर में 6, दुर्ग में 4 और भिलाई में 4 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा जगदलपुर में 2, जबकि चांपा और सरगुजा में एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
CBT परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय इस प्रकार है—
- प्रथम पाली: सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक
- तृतीय पाली: शाम 4:30 से 6:30 बजे तक
परीक्षा में 100 प्रश्नों के लिए 100 अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर ¼ अंक यानी 0.25 अंक की कटौती की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे से प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के उत्तरों के मिलान के लिए मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 1,812 संविदा पदों पर नियुक्ति की जाएगी।