जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झक्कड़पुर में अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी पति को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने मामूली बात पर आक्रोशित होकर अपनी पत्नी के सिर पर मोटरसाइकिल के चक्के का नट खोलने एवं कसने में उपयोग किए जाने वाले लोहे के रिंग पाना से लगातार तीन वार किए थे, जिससे महिला को गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना भी जब्त किया है।
पत्नी के सिर पर किए थे तीन वार
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को प्रार्थी जयराम तिर्की उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे उसके पिता सुखसाय तिर्की ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई करम साय तिर्की ने अपनी पत्नी नबिना तिर्की के सिर पर लोहे के रिंग पाना से हमला कर दिया है।
सूचना मिलने पर प्रार्थी तत्काल घर पहुंचा, जहां उसकी भाभी नबिना तिर्की के सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी और खून निकल रहा था।
प्रार्थी को उसके पिता ने बताया कि घटना के समय आरोपी करम साय अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछा कि वह क्या खोज रहा है। इस बात पर आरोपी आक्रोशित हो गया और पत्नी को धमकी देते हुए कहा कि “तुम पूछने वाली कौन होती हो, आज तुम्हें जान से मार दूंगा।”
इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे के रिंग पाना से अपनी पत्नी के सिर पर लगातार तीन बार वार कर दिया, जिससे उसके सिर में तीन जगह गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया गया।
फरार आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें उसे गंभीर प्रकृति की चोटें आना लेख किया गया। प्रार्थी, पीड़िता एवं अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
घटना के बाद से आरोपी करम साय तिर्की फरार था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम में देखा गया है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम झक्कड़पुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी करम साय तिर्की को हिरासत में लिया।
घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना जब्त
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव एवं प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।