छत्तीसगढ़ में 2.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 70,979 किसानों ने बेचा; 5 लाख से अधिक टोकन जारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी महाअभियान सुचारू रूप से जारी है। 23 नवंबर तक प्रदेश में 70 हजार 979 किसानों से 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। किसानों की सुविधा के लिए अब तक 5 लाख से अधिक ऑनलाइन टोकन जारी किए जा चुके हैं।

2461 केंद्रों में शुरू हुई धान की आवक

राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2461 धान उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो गई है। शासन के अनुसार चालू खरीफ सीजन के लिए 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।

ऑनलाइन टोकन से घर बैठे तय कर रहे धान बेचने की तारीख

धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे धान विक्रय की तिथि निर्धारित कर सकते हैं। अब तक किसानों को 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।

प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

राज्य सरकार के अनुसार धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू रखने तथा किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ के किसानों, खेती-किसानी और धान खरीदी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ से जुड़े रहें। प्रदेश की प्रमुख खबरें पढ़ें — samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment