जशपुर : लाइवलीहुड कॉलेज के नाम पर ठगी से रहें सावधान, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

जशपुरनगर। जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जशपुर के नाम का अनुचित प्रयोग कर कुछ व्यक्तियों द्वारा ठगी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है।

जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जशपुर ने स्पष्ट किया है कि यह एक शासकीय संस्था है, जहां प्रशिक्षण एवं पंजीयन की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क है।

संस्था के अध्यक्ष कलेक्टर जशपुर एवं डायरेक्टर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जशपुर हैं, जबकि प्राचार्य के पद पर अमरनाथ धमगया कार्यरत हैं।

इन्हीं अधिकारियों के माध्यम से लिए जाते हैं सभी निर्णय

प्रशासन ने बताया कि संस्था से संबंधित समस्त निर्णय अध्यक्ष, डायरेक्टर एवं प्राचार्य के माध्यम से ही लिए जाते हैं। इनके अतिरिक्त किसी भी अन्य व्यक्ति को संस्था संबंधी कार्यादेश, क्रय आदेश या रोजगार प्रदान करने का कोई अधिकार नहीं है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित अधिकारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा रोजगार दिलाने संबंधी किसी प्रकार का प्रलोभन दिया जाता है तो यह दंडनीय अपराध है।

फर्जी नियुक्ति, आदेश और लोन के लिए संस्था जिम्मेदार नहीं

संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी प्रलोभन से बचें और दूसरों को भी सतर्क करें। किसी भी प्रकार के फर्जी आदेश, नियुक्ति, लोन इत्यादि के लिए जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जशपुर जिम्मेदार नहीं होगा।

ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत ई-मेल आईडी dplcjashpur@gmail.com अथवा जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, दोडकाचौरा, गम्हरिया, केन्द्रीय विद्यालय के समीप, जशपुर नगर में की जा सकती है।

संस्था ने नागरिकों से सतर्क रहने और कॉलेज के नाम का दुरुपयोग कर ठगी करने वाले व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment