नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में छत्तीसगढ़ को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख टेक्सटाइल और अपैरल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने, आधुनिक तकनीक और डिजाइन को पारंपरिक वस्त्र कौशल से जोड़ने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल सेक्टर के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
नई औद्योगिक नीति में टेक्सटाइल को मिला थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल सेक्टर को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। इस क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्यमियों के लिए आकर्षक प्रोत्साहन और अनुदान का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति के बाद टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ी है और प्रदेश में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार करना है। इसी उद्देश्य से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग श्रम आधारित क्षेत्र होने के कारण बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने की क्षमता रखता है। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
नवा रायपुर में आकार ले रहा टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग इको-सिस्टम
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में टेक्सटाइल क्षेत्र की नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को तेजी मिल रही है।
राज्य सरकार का प्रयास केवल उत्पादन इकाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि टेक्सटाइल और अपैरल क्षेत्र का एक समग्र इको-सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसमें डिजाइन, उत्पादन, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और बाजार सुविधाओं को एक-दूसरे से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग में निवेश बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं सहायक उद्योगों और स्थानीय उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
चांपा के कोसा से आधुनिक फैशन टेक्नोलॉजी तक बनेगी मजबूत कड़ी
बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध वस्त्र और हस्तशिल्प परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोसा सिल्क देश और विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
विशेष रूप से चांपा और आसपास के क्षेत्रों की कोसा परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक बुनकरों और शिल्पकारों के इस कौशल को आधुनिक डिजाइन, तकनीक, ब्रांडिंग और व्यापक बाजार से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी यानी NIFT की स्थापना इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
NIFT से युवाओं, बुनकरों और उद्यमियों को मिलेगा लाभ
NIFT की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को फैशन डिजाइन और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी सहित आधुनिक क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे।
इसके साथ ही स्थानीय बुनकरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को डिजाइन एवं तकनीकी नवाचार का लाभ मिलने की संभावना बढ़ेगी। NIFT जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान और नई टेक्सटाइल इकाइयों के बीच समन्वय से डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक एक मजबूत वैल्यू चेन विकसित की जा सकेगी।
इससे छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वस्त्र कला को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप नए उत्पादों और डिजाइनों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
सेंट्रल इंडिया का बड़ा टेक्सटाइल हब बन सकता है छत्तीसगढ़
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संसाधन, निवेश-अनुकूल औद्योगिक नीति और रोजगार आधारित प्रोत्साहन इस राज्य को टेक्सटाइल निवेश के लिए महत्वपूर्ण गंतव्य बना सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल यूनिट्स के विस्तार से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। जिस तरह से छत्तीसगढ़ सरकार इस क्षेत्र को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ रही है, उससे आने वाले समय में प्रदेश सेंट्रल इंडिया के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।
तकनीक, नवाचार और कौशल विकास में केंद्र देगा हरसंभव सहयोग
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने विशेष रूप से आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और टेक्सटाइल सेक्टर में नई संभावनाओं के विस्तार के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा मजबूत टेक्सटाइल इको-सिस्टम विकसित करना है, जिसमें निवेश और रोजगार के साथ स्थानीय कौशल, पारंपरिक वस्त्र कला, आधुनिक डिजाइन और नई तकनीक का समन्वय हो।
नई औद्योगिक नीति के प्रोत्साहन, नवा रायपुर में विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण और NIFT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के माध्यम से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में टेक्सटाइल एवं अपैरल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में देश के प्रमुख केंद्रों में अपनी जगह बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।