जशपुर: पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जशपुर वन विभाग ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने गृहग्राम बगिया स्थित हेलीपैड परिसर में इस अनूठे ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को भी पौधों का वितरण किया। यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के विभिन्न गांवों और नगर क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा तथा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वन विभाग की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर वन विभाग द्वारा शुरू किया गया ट्री एटीएम लोगों तक पौधे पहुंचाने का सरल, प्रभावी और प्रेरणादायी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। ऐसे में लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे सहज रूप से उपलब्ध होने से व्यापक स्तर पर पौधरोपण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना पैदा की है। इसी अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि हासिल की गई है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के पहले वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि इसके विरुद्ध लगभग साढ़े तीन करोड़ पौधों का रोपण किया गया। इसी प्रकार इस वर्ष भी ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और राज्य सरकार इसे भी निर्धारित लक्ष्य से अधिक पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान ‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ के प्रेरक संदेश के साथ ट्री एटीएम को रवाना किया गया। इस पहल के अंतर्गत केवल पौधों का वितरण ही नहीं किया जाएगा, बल्कि पौधा प्राप्त करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण की सही तकनीक, नियमित देखभाल, सिंचाई, सुरक्षा और पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधों का जीवित रहना सुनिश्चित करना और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ाना है।
वन विभाग का मानना है कि यह ट्री एटीएम अभियान जिले में वृक्षारोपण को एक जनआंदोलन का रूप देगा। मोबाइल वाहन के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक पौधे पहुंचाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी आसानी से पौधे प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल से जैव विविधता संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में श्री भरत सिंह, श्री उपेंद्र यादव, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।