जशपुर, 27 मई 2026। जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली में एक आरोपी के घर की बाड़ी से अवैध रूप से उगाए गए 40 नग गांजा के पौधों को जब्त किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी विजय सिंह (58 वर्ष) निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना लोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त गांजा पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 82 हजार 300 रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी विजय सिंह अपने घर के आंगन से लगे बाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। पौधों को छिपाने के लिए उसने चारों ओर प्लास्टिक नेट और साड़ी से घेरा बना रखा था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम एवं एफएसएल टीम के साथ मौके पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी की बाड़ी में बड़े पैमाने पर गांजे के पौधे लगे मिले। गिनती करने पर कुल 40 नग गांजा पौधे पाए गए, जिनमें 18 बड़े पौधे और 22 छोटे पौधे शामिल थे। बड़े पौधों की ऊंचाई करीब 4 फीट 7 इंच तक पाई गई। पुलिस ने सभी पौधों को मौके पर जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर तथा महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।