जशपुर: सुल्तानगंज से कांवर में गंगाजल लेकर देवघर पहुंचे शिवभक्त, बाबा बैद्यनाथ से की सुख-समृद्धि की प्रार्थना

जशपुर: सावन माह की पावन बेला में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और सनातन परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं , जिले से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवभक्तों का एक विशाल जत्था झारखंड स्थित बैद्यनाथ धाम पहुंचा। श्रद्धालुओं ने बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल कांवर में भरकर कठिन पैदल यात्रा पूरी की और देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस दौरान देश, प्रदेश और समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने किया। उनके नेतृत्व में दर्जनों शिवभक्तों ने पूरी श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ बाबा धाम पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने सावन मास के पावन अवसर पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गौरतलब है कि कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में जशपुर से बाबा बैद्यनाथ धाम की यह श्रद्धायात्रा कई वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल होकर सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और भारतीय परंपराओं के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और धार्मिक गरिमा के साथ यात्रा पूरी कर इस परंपरा का निर्वहन किया।

श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, सामाजिक समरसता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम भी है। उनका कहना था कि कांवर यात्रा व्यक्ति को संयम, सेवा, अनुशासन और भक्ति का संदेश देती है। कठिन पैदल यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे मार्ग में बना रहा और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र की उन्नति, प्रदेश की खुशहाली, समाज में आपसी भाईचारे, सुख-शांति और सभी नागरिकों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों पर बना रहे।

इस धार्मिक यात्रा में कृष्ण कुमार राय के साथ सत्येन्द्र सिंह, विनोद मिश्रा, सुनील अग्रवाल, सुनील सोनी, संजय सोनी, आलोक राय, सतीश जायसवाल, कर्ण राय, कनक चिंडालिया, राजकुमार गुप्ता, अमरकांत वर्मा, प्रमोद मिश्रा, आशु राय सहित अनेक शिवभक्त शामिल हुए। सभी श्रद्धालुओं ने देवघर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सफल जलाभिषेक के बाद भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment