जशपुर। कुनकुरी में मोबाइल दुकान से 132 मोबाइल हैंडसेट चोरी के मामले का जशपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपियों के कब्जे से कमीशन के रूप में प्राप्त ₹1 लाख 80 हजार की राशि बरामद कर जब्त की गई है। पुलिस की जांच में चोरी के मोबाइल हैंडसेट बांग्लादेश में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। मोबाइलों की बरामदगी के लिए विधि के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई जारी है। मामले में 4 अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है।
शटर का ताला काटकर 132 मोबाइल ले गए थे चोर
प्रार्थी पंकज कुमार पारिक, पिता नंदकिशोर पारिक, उम्र 44 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09, तपकरा रोड कुनकुरी ने 12 अगस्त 2026 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार वह 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था।
अगले दिन 12 अगस्त की सुबह करीब 7:45 बजे सूर्योदय बैंक के कर्मचारी रितेश ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना पर प्रार्थी दुकान पहुंचा तो शटर के दोनों ताले कटे हुए थे और आसपास काटने एवं तोड़ने के सामान पड़े हुए थे।
दुकान के अंदर देखने पर मोबाइल के डिब्बे इधर-उधर बिखरे मिले तथा बिक्री के लिए रखे गए कुल 132 मोबाइल हैंडसेट गायब थे। अज्ञात चोरों ने शटर का ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया और मोबाइल चोरी कर लिए थे। रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन, जप्ती कार्रवाई, टावर डम्प लोकेशन और CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि घटनास्थल के समीप स्थित अन्नपूर्णा होटल में दो आरोपी खाना खाने गए थे और वहां होटल संचालक को उक्त मोबाइल नंबर दिया गया था। इस सुराग सहित तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
झारखंड और पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस टीम
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ग्राम मुर्गीटोली मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड पहुंची और आरोपी तौसिफ राजा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी कबीर शेख के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना तथा चोरी किए गए मोबाइल हैंडसेट को सेंटू शेख को बिक्री के लिए देना बताया।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के अनुसार चोरी किए गए मोबाइल हैंडसेट में से 50 मोबाइल सत्यजीत मंडल, 50 मोबाइल अब्दुल बारी उर्फ रूबेल तथा 34 मोबाइल इकबाल हुसैन उर्फ राणा को बिक्री किए गए थे। मोबाइल बिक्री से प्राप्त करीब 17 लाख रुपये को तीनों के बीच बांट लेना बताया गया।
मामले में अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार प्रकरण में अब तक निम्न 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है—
- तौसिफ राजा पिता मौलाना ताजुउद्दीन, उम्र 35 वर्ष, निवासी मुर्गीटोली मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड।
- सेंटू शेख पिता बोगदार शेख, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेगमगंज शेखुटोली, थाना राधानगर (उधवा), जिला साहेबगंज, झारखंड।
- इकबाल हुसैन उर्फ राणा पिता इरफान अली, उम्र 27 वर्ष, निवासी पोस्ट ऑफिस पारा देवनापुर, चौकी कुम्भीरा, थाना बैसनब नगर, जिला माल्दा, पश्चिम बंगाल।
- अब्दुल बारी उर्फ रूबेल खुराना पिता एनुल हक, उम्र 28 वर्ष, निवासी परदेवनापुर हिजलतला, चौकी कुम्भीरा, थाना बैसनब नगर, जिला माल्दा, पश्चिम बंगाल।
- अब्दुल अजीज पिता अकबर अली, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकदेवनापुर, चौकी कुम्भीरा, थाना बैसनब नगर, जिला माल्दा, पश्चिम बंगाल।
अलग-अलग तारीखों में हुई गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी 25 अगस्त 2026, 14 सितंबर 2026, 27 सितंबर 2026 और 1 अक्टूबर 2026 को अलग-अलग तिथियों में की गई।
₹1.80 लाख बरामद, आरोपियों के मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपी सेंटू शेख से कमीशन के रूप में प्राप्त बची हुई ₹1 लाख 80 हजार की राशि बरामद कर जब्त की है।
इसके अलावा सभी आरोपियों द्वारा घटना में इस्तेमाल किए गए उनके व्यक्तिगत मोबाइल फोन को भी साक्ष्य के दृष्टिकोण से जब्त किया गया है।
चोरी के मोबाइल बांग्लादेश में बिक्री किए जाने की जानकारी
पुलिस के अनुसार प्रकरण में चार अन्य आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी लगातार पतासाजी की जा रही है।
अब तक की विवेचना एवं गिरफ्तार आरोपियों के कथन के आधार पर चोरी किए गए मोबाइल हैंडसेट बांग्लादेश में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। चोरी के मोबाइल हैंडसेट को बांग्लादेश से बरामद करने के संबंध में विधि के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम का विशेष योगदान
प्रकरण के अन्वेषण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक राकेश यादव, थाना प्रभारी बागबहार, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, साइबर सेल जशपुर, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, थाना कुनकुरी, प्रधान आरक्षक अनंत मिरास किस्पोट्टा, साइबर सेल जशपुर, आरक्षक क्रमांक 59 नंदलाल यादव, आरक्षक क्रमांक 586 भूपेन्द्र यादव एवं आरक्षक क्रमांक 680 चन्द्रशेखर बंजारे का विशेष योगदान रहा।
थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 111(6), 313, 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज है।