जशपुर: बारिश से पहले हरित क्रांति की तैयारी, 80 हजार सीड बॉल से बंजर भूमि होगी हरी-भरी

जशपुर, 08 जून 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत दुलदुला क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सीड बॉल निर्माण अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व ग्रामीणों, युवाओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें आगामी मानसून के दौरान बंजर, पहाड़ी एवं वन क्षेत्रों में फैलाया जाएगा।

सीड बॉल मिट्टी, गोबर खाद और स्थानीय वृक्ष प्रजातियों के बीजों से तैयार की जाती है। वर्षा होने पर इनमें मौजूद बीज प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर पौधों का रूप लेते हैं, जिससे हरित क्षेत्र का विस्तार होता है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। यह तकनीक कम लागत में अधिक क्षेत्र में वृक्षारोपण का प्रभावी माध्यम मानी जाती है।

जनपद पंचायत दुलदुला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी है। अभियान के तहत आम, जामुन, करंज, नीम, इमली सहित विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के बीजों से लगभग 80 हजार सीड बॉल तैयार किए जा चुके हैं।

ग्रामीणों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए सीड बॉल निर्माण को प्रकृति संरक्षण का सरल, सुलभ और प्रभावी माध्यम बताया। तैयार सीड बॉल्स को वर्षा ऋतु के दौरान वन क्षेत्रों, पहाड़ियों और अनुपयोगी भूमि में वितरित किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक रूप से पौधों की संख्या बढ़ सके।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार ने जिलेवासियों से इस पर्यावरणीय मुहिम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हरित एवं समृद्ध जशपुर का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने और जिले को हरा-भरा एवं खुशहाल बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ-साथ हाई इम्पैक्ट मेगा वाटरशेड प्रोजेक्ट के अंतर्गत Harsha Trust तथा Bihan की भी सक्रिय सहभागिता रही है। यह सामूहिक प्रयास पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment